शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने का आरोप, आरोपी हिरासत में
रायगढ़ / शादी का वादा कर एक युवती के साथ लंबे समय तक संबंध बनाने और बाद में दूसरी महिला से कथित विवाह करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि कोरोना काल के दौरान उसकी पहचान गाजियाबाद निवासी सलीम (30) से हुई थी। युवती का आरोप है कि आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और कई वर्षों तक उसे शादी का आश्वासन देता रहा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में उसे पता चला कि आरोपी एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। कुछ समय बाद दूसरी महिला से मंदिर में विवाह किए जाने की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
इस मामले से एक दिन पहले 45 वर्षीय महिला भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी। महिला ने आवेदन देकर बताया था कि उसने हाल ही में सलीम के साथ मंदिर में विवाह किया है और पारिवारिक विवाद के चलते सुरक्षा की मांग की थी।
युवती ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी कई अन्य महिलाओं और युवतियों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क में था। पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया थाना पुलिस को सौंप दिया है। शिकायत के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













0 टिप्पणियाँ