चाची ने देख लिया प्रेम संबंध, भतीजी और प्रेमी ने कर दी हत्या
अंबिकापुर / छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका की भतीजी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला की हत्या की और बाद में फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र के भुईंयापारा निवासी रंजीत लकड़ा ने 31 मई को 65 वर्षीय लक्ष्मी लकड़ा की संदिग्ध मौत की सूचना दी थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में घटना की रात एक युवक को मृतका के घर आते-जाते देखा गया। वहीं मृतका की भतीजी तेरेसा एक्का भी उसी युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी।
तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तेरेसा एक्का और उसके प्रेमी आशीष कुमार गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि मृतका ने उन्हें एक साथ देख लिया था। राज खुलने के डर से दोनों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे दीवार की ओर धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।













0 टिप्पणियाँ