शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
जांजगीर / सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक युवक को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आशीष सिंह (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, भैंसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। पीड़िता ने कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वह घरेलू कार्य से जांजगीर आई थी। रात होने पर घर लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी ने परिचित होने का दावा करते हुए उसे मोटरसाइकिल से घर छोड़ने की पेशकश की। इसी दौरान उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने लगातार संपर्क कर युवती से दोस्ती बढ़ाई और बाद में उसे घुमाने के बहाने जांजगीर के एक होटल में ले गया। वहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी शादी का आश्वासन देकर और डराकर उसका शोषण करता रहा। जब युवती ने विवाह की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
परेशान होकर युवती ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव भैंसो से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की विशेष भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ