भय दिखाकर महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
धरमजयगढ़ / महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय एक महिला ने थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ग्राम तरेकेला, थाना छाल निवासी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, घटना 25 मई को उस समय हुई जब वह अपने मायके में थी और घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी गई थी। इसी दौरान उसका परिचित बनेश्वर राठिया वहां पहुंचा और कथित रूप से उसके साथ जबरदस्ती की।
महिला ने बताया कि घटना के बाद भय और मानसिक तनाव के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में ससुराल पहुंचकर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह थाना धरमजयगढ़ पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के निर्देशन में पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया तथा मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 31 मई 2026 को आरोपी बनेश्वर राठिया को उसके निवास ग्राम तरेकेला से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई जारी रहेगी।













0 टिप्पणियाँ