ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, महिला आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा / निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने के मामले में अकलतरा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर एक युवक को लगातार ब्लैकमेल करने का आरोप है, जिससे परेशान होकर युवक ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवक पिछले एक सप्ताह से बिलासपुर के अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव निवासी एक महिला उसे निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रही थी। जांच में पता चला कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला युवक और उसके परिजनों के मोबाइल पर निजी तस्वीरें भेजकर दबाव बना रही थी। साथ ही पैसे नहीं देने पर इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रही थी।
लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए कीटनाशक का सेवन कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया। व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













0 टिप्पणियाँ