कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन: 95 लीटर महुआ शराब के साथ दो गिरफ्तार, बेलटुकरी में अवैध कारोबार पर प्रहार
बिलासपुर / नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार” अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 95 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेलटुकरी में दो व्यक्ति भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब का संग्रहण कर बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम बेलटुकरी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी शत्रुघ्न उर्फ भूरू वर्मा (23) और लता बाई वर्मा (45) को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 95 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।













0 टिप्पणियाँ