letest news

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश़/छत्तीसगढ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369 छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369

किराये के बहाने जेसीबी-हाइवा लेकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

किराये के बहाने जेसीबी-हाइवा लेकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार



जांजगीर-चांपा / जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराये पर भारी वाहन लेकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने वाले अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जेसीबी मशीन को आरोपियों ने किराये पर लेने के नाम पर ले जाकर गायब कर दिया। तय किराया और अग्रिम राशि देने का आश्वासन देने के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए तथा मोबाइल फोन बंद कर दिए। जांच में जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर में मिली।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि आरोपी किरायानामा अथवा खरीद-बिक्री का सौदा कर वाहन अपने कब्जे में लेते थे और बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में बेच देते थे। कई मामलों में वाहनों के नंबर भी बदल दिए जाते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर और अन्य क्षेत्रों से जेसीबी, ट्रेलर तथा ट्रैक्टर लेकर उन्हें मध्यप्रदेश में बेच दिया था। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड भरत गुप्ता को चित्रकूट-जबलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गई जेसीबी भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में तीरथराज कुर्रे, राहुल खांडे, सन्नीलाल पाटले, शिवम जायसवाल और भरत गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, सैमसंग गैलेक्सी एस-24 अल्ट्रा मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। जांच और गिरफ्तारी में थाना अकलतरा की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वाहन किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति का सत्यापन अवश्य कराएं तथा वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को सक्रिय रखें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ