खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले की चाम्पा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्साइड कंपनी की बैटरी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिर्रा रोड चाम्पा निवासी अक्षत तिवारी एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। वे कार्यालय परिसर के पीछे ही निवास करते हैं। बुधवार सुबह जब वे रोज की तरह ऑफिस पहुंचे, तब ट्रांसपोर्ट कार्यालय के सामने खड़ी ट्रक क्रमांक CG 12 S 5566 से संदिग्ध आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखने पर एक व्यक्ति ट्रक की बैटरी निकालकर ले जाते दिखाई दिया। आरोपी की मोटरसाइकिल भी घटनास्थल पर खड़ी मिली।
घटना की सूचना तत्काल थाना चाम्पा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और गवाहों के आधार पर आरोपी की पहचान अजय अनंत (35 वर्ष) निवासी कोटाडबरी थाना चाम्पा के रूप में हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11,500 रुपये कीमत की चोरी गई एक्साइड एक्सप्रेस बैटरी बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान सहित थाना चाम्पा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ