इलाज कराने पहुंचे दंपती में पति लापता, अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
सक्ती / सक्ती जिले में एक व्यक्ति के रहस्यमय ढंग से लापता होने और बाद में शव मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। मामले में हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मसानियाकला निवासी सुखुबाई भास्कर और उनके पति होरीलाल भास्कर 21 अप्रैल को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार सुखुबाई को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि होरीलाल को समीप स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती किया गया था।
शिकायत के मुताबिक 22 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे होरीलाल अपनी पत्नी से मिलने अस्पताल पहुंचे और कुछ समय बातचीत करने के बाद वहां से चले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। अगले दिन अस्पताल में भर्ती सुखुबाई को कथित रूप से बताया गया कि उनके पति किसी युवती के साथ अभद्र व्यवहार करते पाए गए थे और बाद में वहां से चले गए।
परिवार का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद भी सुखुबाई को तत्काल छुट्टी नहीं दी गई, जिससे खोजबीन में देरी हुई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 27 अप्रैल को थाना सक्ती में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
कुछ दिनों बाद पुलिस को हरेठी नाला के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि शव की पहचान कराने से पहले ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में पुलिस द्वारा दिखाए गए कपड़ों और तस्वीरों के आधार पर सुखुबाई ने शव की पहचान अपने पति होरीलाल भास्कर के रूप में की।
पीड़िता का आरोप है कि उनके पति की मौत अस्पताल परिसर में हुई और बाद में शव को अन्य स्थान पर फेंक दिया गया। वहीं परिवार ने यह भी सवाल उठाया है कि गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद शव की पहचान के लिए उन्हें समय रहते सूचना क्यों नहीं दी गई।
इधर अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों से इनकार किया है। अस्पताल संचालक का कहना है कि परिसर में किसी प्रकार की मारपीट या अप्रिय घटना नहीं हुई। उनका कहना है कि पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने यह भी बताया कि संबंधित तारीख का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर होरीलाल भास्कर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मामले की सच्चाई कब सामने आएगी।














0 टिप्पणियाँ