जूटमिल क्षेत्र से महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र के गांधीनगर (काशीराम चौक) इलाके से एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 15 मई की सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम हिर्री निवासी भारत जोल्हे अपनी पत्नी परमेश्वरी जोल्हे के साथ पिछले लगभग पांच महीनों से रायगढ़ के काशीराम चौक क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे हैं। भारत जोल्हे सेंट्रिंग का काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी भी मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करती थीं। उनके बच्चे गांव में ही रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि 15 मई की सुबह करीब 8 बजे भारत जोल्हे ने अपनी पत्नी को मिनीमाता चौक के पास छोड़ा था, जहां से वह रोज की तरह काम की तलाश में निकली थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर पति ने आसपास के इलाकों में तलाश की और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलने पर जूटमिल पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।
यदि किसी व्यक्ति को लापता महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले तो जूटमिल थाना पुलिस या परिजन के मोबाइल नंबर 7974254504 पर सूचना देने की अपील की गई है।













0 टिप्पणियाँ