गोरखपाली कोटवार हत्याकांड का एक और फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
सक्ती / जिले के बहुचर्चित गोरखपाली कोटवार हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी सुकदेव उर्फ कालू कुर्रे (32 वर्ष) निवासी ग्राम गोरखपाली, चौकी सकर्रा, थाना मालखरौदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 मार्च 2026 की है। प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि वह सुबह अपने खेत स्थित बोर के पास जा रहा था। डबरी तालाब के समीप कोटवार रथराम गोंड और आनंदराम कुर्रे मौजूद थे। इसी दौरान सुकदेव कुर्रे तथा दो विधि से संघर्षरत बालक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करते हुए लकड़ी के बल्ली एवं अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। हमले में कोटवार रथराम गोंड की मौत हो गई।
प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी आनंदराम कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। घटना के बाद से सुकदेव कुर्रे फरार चल रहा था।
हत्या जैसे गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम गोरखपाली में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपराध में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद 30 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक दामोदर जायसवाल, आरक्षक पुष्पेंद्र कंवर तथा सेतराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ