हाई स्कूल मड़वा में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हाई स्कूल मड़वा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो नाबालिगों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के स्टाफ द्वारा 15 मई को स्कूल बंद कर ताला लगाया गया था। 18 मई की सुबह प्राचार्य द्वारा सूचना दी गई कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर स्टाफ रूम, प्राचार्य कक्ष और प्रयोगशाला के ताले टूटे मिले तथा टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी हो चुके थे। साथ ही अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की गई थी।
मामले की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों की पहचान कर घेराबंदी की और तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी (उम्र 22 वर्ष, निवासी औराईकला) ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही, जिनकी तत्परता से मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।













0 टिप्पणियाँ