गोदाम चोरी का खुलासा, 154 बोरी खाद बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव / 31 मई / जिले के विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में स्थित लिहागांव के खाद गोदाम में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 154 बोरी डीएपी और यूरिया खाद बरामद की गई है। जब्त खाद की कीमत लगभग 1.44 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित (लेम्प्स) लिहागांव के प्रबंधक अनुप कुमार निषाद ने 21 मई को विश्रामपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 17-18 मई की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर 95 बोरी डीएपी तथा 61 बोरी यूरिया खाद चोरी कर ली थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के नवरंगपुर जिले के ग्राम किबेकोंगा में बड़ी मात्रा में खाद छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां कार्रवाई कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि लोहे के कटर से गोदाम का ताला और शटर काटकर पिकअप वाहन की मदद से दो खेप में खाद की बोरियां ओडिशा पहुंचाई गई थीं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 93 बोरी डीएपी और 61 बोरी यूरिया सहित कुल 154 बोरी खाद बरामद कर ली। साथ ही चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमलाल गोंड़ (25), संतु गोंड़ (22) और प्रेमलाल गोंड़ (23) निवासी ग्राम किबेकोंगा, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने 30 मई को तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद खाद किसानों के लिए शासकीय वितरण हेतु रखी गई थी। समय रहते पूरी खेप बरामद होने से किसानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सका।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव, उपनिरीक्षक अभिराम मेश्राम, प्रधान आरक्षक देवार्चन सिदार, कमलेश्वर जुर्री सहित विश्रामपुरी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अंतर्राज्यीय अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।













0 टिप्पणियाँ