मेला परिसर में जुए की महफिल पर पुलिस का छापा,पांच आरोपी गिरफ्तार, नगदी और ताश बरामद
पथरिया। थाना पथरिया पुलिस ने अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम घुठेली के मेला परिसर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को मौके पर जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 हजार 760 रुपये नकद और 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को सूचना प्राप्त हुई थी कि घुठेली मेला स्थल के आसपास कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं और पैसों की बाजी लगा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पथरिया थाना पुलिस और मुंगेली साइबर टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
पुलिस की टीम को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि पांच लोगों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
- पिंटू उर्फ अमित खुटे (36 वर्ष), निवासी डिघोरा, थाना पथरिया
- अभिषेक कुर्रे (32 वर्ष), निवासी डिघोरा, थाना पथरिया
- चंद्रशेखर राजपूत (20 वर्ष), निवासी पंडरभाठा, थाना मुंगेली
- प्रदीप राजपूत (28 वर्ष), निवासी घुठेली, थाना पथरिया
- व्यास कुर्रे (30 वर्ष), निवासी डिघोरा, जिला मुंगेली
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बाद में आरोपियों को एसडीएम न्यायालय पथरिया में पेश किया गया, जहां जमानत याचिका निरस्त कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरजा शंकर यादव के मार्गदर्शन में एएसआई नरेश साहू, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आरक्षक जगदीश कोसले, राजतिलक और सूरज मंडावी सहित साइबर टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।













0 टिप्पणियाँ