पलना में पहली बार राज्य स्तरीय त्रि-दिवसीय मानसगान व्याख्यान सम्मेलन का भव्य आयोजन
प्रदेशभर के मानसगान दलों की सहभागिता से रामभक्ति में डूबेगा समूचा अंचल
गम्हरी // भगवान श्रीराम की असीम कृपा तथा समस्त ग्रामवासियों, नगरवासियों एवं दानदाताओं के सहयोग से ग्राम पलना, विकासखंड बड़ेराजपुर, जिला कोण्डागांव में प्रथम वर्ष राज्य स्तरीय त्रि-दिवसीय मानसगान व्याख्यान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल व्याप्त है।
इस पावन आयोजन की शुरुआत 19 जनवरी 2026, सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। वहीं, मुख्य मानसगान सम्मेलन 20 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रावण भाठा मैदान, ग्राम पलना में आयोजित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ व ओड़िशा के प्रसिद्ध मानस परिवार करेंगे रामकथा का गुणगान
त्रि-दिवसीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्य ओड़िशा के प्रसिद्ध मानसगान परिवार अपनी सुमधुर वाणी, भावपूर्ण गायन एवं प्रभावशाली व्याख्यान से रामकथा की अमृतधारा प्रवाहित करेंगे।
बालिका मानस परिवार, महिला मानस परिवार एवं वरिष्ठ मानस मंडलियों की विशेष सहभागिता इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।
20 जनवरी को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 20 जनवरी 2026, मंगलवार को सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नीलकंठ टेकाम जी, विधायक केशकाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुषमा मनोज तिवारी, जनपद सदस्य, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य, सरपंचगण एवं समाजसेवी प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं व कलाकारों के लिए भोजन-प्रसाद की समुचित व्यवस्था
👉 तीनों दिवस श्रद्धालुओं एवं मानसगान कलाकारों के लिए भोजन एवं सेवा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है—
➤ प्रथम दिवस: स्मेश प्रसाद साहू एवं सहपरिवार
➤ द्वितीय दिवस: ताराचंद साहू एवं सहपरिवार
➤ तृतीय दिवस: समस्त ग्रामवासी, पलना
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
समापन दिवस पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष, जनपद प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, साहू समाज के पदाधिकारी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने सहभागिता की अपील
आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी पलना ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मानस मंदाकिनी के अविरल प्रवाह में सहभागी बनें और इस दिव्य रामभक्ति आयोजन को सफल बनाएं।
आयोजक:-
समस्त ग्रामवासी, ग्राम पलना
विकासखंड बड़ेराजपुर, जिला कोण्डागांव (छ.ग.)













0 टिप्पणियाँ