उन्नत कृषि तकनीक से मूंगफली उत्पादन में हुई बढ़ोतरी,कृषक श्री नागेश्वर सिंह परिहार ने कमाए 1.18 लाख रूपए
मुंगेली, 04 फरवरी 2026// कृषि विभाग की केन्द्र प्रवर्तित नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल सीड योजना के लाभ से कृषक श्री नागेश्वर सिंह परिहार ने खरीफ मौसम में मूंगफली उत्पादन में बढ़ोत्तरी प्राप्त की है, जिससे उन्होंने 1.18 लाख रूपए कमाए हैं। मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम बरईदहरा के 59 वर्षीय किसान श्री परिहार स्नातक (बी.ए.) शिक्षित किसान हैं तथा पारंपरिक कृषि अनुभव के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उनके पास कुल 02 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें से 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र को उन्होंने उक्त योजना के अंतर्गत मूंगफली फसल के लिए चयनित किया। कृषि विभाग द्वारा योजना के अंतर्गत श्री परिहार को 1.5 हेक्टेयर हेतु 150 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता युक्त मूंगफली बीज निःशुल्क प्रदाय किया गया। साथ ही, विभागीय अमले एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा समय-समय पर उन्नत कृषि तकनीकों जैसे कतार बोनी, बीजोपचार, जैविक आदानों के प्रयोग तथा गुणवत्ता युक्त बीज के महत्व की जानकारी दी गई।
योजनांतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री परिहार को मूंगफली की खेती की संपूर्ण शस्य क्रियाएँ, फसल की क्रांतिक अवस्थाएँ, खाद एवं उर्वरक का समन्वित उपयोग तथा बीज उत्पादन के मापदण्डों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इन वैज्ञानिक सलाहों को अपनाकर उन्होंने फसल प्रबंधन को बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया। परिणामस्वरूप, खरीफ मौसम में उनकी मूंगफली फसल का उत्पादन पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक रहा। निःशुल्क बीज प्राप्त होने से बीज खरीद पर होने वाला व्यय बचा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में प्रत्यक्ष सुधार हुआ। किसान श्री परिहार ने कहा कि कृषि विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना ने न केवल उन्हें आर्थिक लाभ दिया, बल्कि उन्नत तकनीकों के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ाया है। वे इसके लिए कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य कृषकों को भी शासकीय योजनाओं का लाभ लेने एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।














0 टिप्पणियाँ