बलौदाबाजार में नए एएसपी के रूप में खोमन सिन्हा ने संभाला कार्यभार

बलौदाबाजार। जिले के नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में खोमन सिन्हा ने बुधवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन के गृह विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उनकी नियुक्ति बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में की गई है।

इससे पूर्व वे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री सुरक्षा शाखा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अब जिले में वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। उनके कार्यभार संभालने से जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अपेक्षाएं जताई जा रही हैं।