इलाज के बहाने युवती से दुष्कर्म का आरोप, आयुर्वेदिक चिकित्सक गिरफ्तार
कवर्धा / उपचार के नाम पर मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में लोहारा पुलिस ने एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिडोरा क्षेत्र में आयुर्वेदिक उपचार करने वाला चिकित्सक बालक दास चंदेल (35) इलाज के बहाने उनकी बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद 15 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में लोहारा थाना एवं महिला थाना की टीम ने संयुक्त रूप से जांच और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।













0 टिप्पणियाँ