सामुदायिक पुलिसिंग से ग्रामीणों में कानूनी जागरूकता का संदेश



जांजगीर-चांपा / सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना चांपा क्षेत्र के घोघरानाला तथा बिर्रा में आयोजित कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को नए आपराधिक कानूनों एवं साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में घोघरानाला में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे तथा बिर्रा में डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में जन-जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी सरल भाषा में दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि नए कानूनों के लागू होने से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुगम और त्वरित हुई है। इस अवसर पर ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और डिजिटल माध्यम से गवाहों के बयान दर्ज करने जैसी व्यवस्थाओं के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।

साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला गया और समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता बताई गई।

इस दौरान शिक्षक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव होते हैं तथा सामुदायिक पुलिसिंग इसी दिशा में एक प्रभावी प्रयास है।