डायल-112 कर्मियों से मारपीट और ट्रक में आगजनी मामले में 8 गिरफ्तार, आरोपियों का नगर में निकाला गया जुलूस
प्रतापपुर / थाना क्षेत्र के बैकोना गांव में हुए सड़क हादसे के बाद उपजे विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने सभी आरोपियों का प्रतापपुर नगर में जुलूस निकाला।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद जब पुलिसकर्मी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के लिए पुलिस की जांच कार्रवाई और ट्रकों की आवाजाही को जिम्मेदार ठहराते हुए डायल-112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो तथा वाहन चालक के साथ मारपीट की।
स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने एक ट्रक में आग भी लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर नियंत्रण पाया।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपियों को नगर में घुमाया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।













0 टिप्पणियाँ