कोरबा में घर में घुसकर हमला, महिलाओं और बच्चों से मारपीट
कोरबा के सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार को 15 से अधिक बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में नैना गोस्वामी और उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है।
पीड़िता नैना गोस्वामी के अनुसार, हमला पुराने विवाद को लेकर किया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 15-20 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ जमकर मारपीट की।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। हमले में घायल नैना गोस्वामी और उनकी बहन का उपचार कराया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे दहशत में हैं और शिकायत वापस लेने के लिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस मामले में प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













0 टिप्पणियाँ