पैसा डबल के झांसे में 18 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
जमीन और शेयर मार्केट निवेश का लालच देकर ठगी करने वाला शातिर पुलिस गिरफ्त में
जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का सपना दिखाकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लोगों को जमीन खरीद-बिक्री और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर झांसा देकर रकम ऐंठता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38) निवासी कटौद थाना नवागढ़, वर्तमान में पामगढ़ में रहकर इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता था। उसने ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।
आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए पीड़ित ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी उधार लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाकर समय टालता रहा। जब न तो निवेश का लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई, तब पीड़ित ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने टीम गठित कर कार्रवाई की। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि “पैसा डबल”, फर्जी निवेश योजनाओं और शेयर मार्केट में असामान्य मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।













0 टिप्पणियाँ